CG Crime: बीमारी और अनहोनी का डर दिखाकर महिला से ठगी, फर्जी बाबा 15 तोला सोना और नकदी लेकर फरार

रायपुर: राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में पूजा-पाठ के नाम पर महिला से लाखों रुपये के सोने के जेवर और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने महिला को बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा दिया। इसके बाद डर और अंधविश्वास का सहारा लेकर अलग-अलग समय में करीब 15 तोला यानी 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपये नकद ले लिए।
रायपुर में 25 करोड़ की रंगदारी का मामला, शोएब ढेबर की तलाश में कई ठिकानों पर पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी नैना से मार्च 2026 में तीन लोगों ने संपर्क किया था। आरोपियों में से एक ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताईं, जो सही निकलीं। इससे महिला का आरोपियों पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद तीनों ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का दावा किया।
धीरे-धीरे जेवर लेने लगे आरोपी
आरोपियों ने पूजा के नाम पर महिला से सोने के जेवर लेना शुरू कर दिया। पहली बार करीब 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये नकद लिए गए। इसके करीब 10 से 12 दिन बाद 5 ग्राम की सोने की चेन भी ले ली गई। इसके बाद आरोपी अलग-अलग अंतराल में महिला के घर पहुंचते रहे और पूजा के नाम पर जेवर मांगते रहे।
महिला के अनुसार, इसी तरह कई बार में आरोपियों ने करीब 150 ग्राम सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए।
अनहोनी का डर दिखाकर चुप कराया
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को डराने के लिए कहा कि यदि उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में किसी की मौत या बड़ी अनहोनी हो सकती है। इस डर के चलते महिला ने कई महीनों तक घटना की जानकारी अपने परिवार के सदस्यों को नहीं दी।
7 सितंबर से आरोपी महिला को लगातार फोन कर और जेवर व नकदी की मांग करने लगे। इसके बाद महिला को संदेह हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। 25 सितंबर की रात उसने अपने पति जसवंत परमार को पूरी घटना की जानकारी दी।
गंज थाने में मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
इसके बाद महिला ने गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस महिला के पास आए फोन कॉल्स और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला से ठगी करने वाले तीनों लोग किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





