CG News: 15 दिन से लापता महिला का कंकाल मिला, तेंदुए के हमले में मौत की आशंका से गांव में दहशत…

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ग्राम गातापार में 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय महिला अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल धान के खेत में मिला है। महिला के अवशेष मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में उनकी मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मजदूरों की टारगेट किलिंग और CRPF हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ढेर, एक साथी भी मारा गया
परिजनों के मुताबिक, अनुसूईया बाई मंडावी करीब 15 दिनों पहले अचानक लापता हो गई थीं। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल, खेतों और आसपास के गांवों में उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को धान के खेत में उनका कंकाल मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नवरात्रि में सड़क पर दिखाई दिया था तेंदुआ
महिला की मौत को लेकर ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान इलाके की सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया था। कुछ लोगों ने उसकी तस्वीरें भी मोबाइल में कैद की थीं। इसके अलावा आसपास के गांवों में मवेशियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आई हैं।
ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान भी मिले हैं। हालांकि, इन निशानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में महिला की मौत किसी जंगली जानवर के हमले में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह जांच के बाद ही साफ होगा।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला के अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर महिला की मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। घटना के बाद से ग्राम गातापार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।





