कोरबा कुदुरमाल मार्ग में भारी वाहन की चपेट में आने से 6 गायों की दर्दनाक मौत

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत कुदुरमाल के भाटापारा में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहे चालक ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 9 गायें वाहन की चपेट में आ गईं, जिनमें से 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गायें गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीण और गौ-सेवक मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मृत गौवंशों को हटाने के लिए लिए जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रैक्टर में लादा गया, जिसे देखकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि जिस गौमाता को समाज पूजनीय मानता है, उसके शवों को इस तरह मशीन से उठाना संवेदनहीनता को दर्शाता है। आपको बता दें बारिश में मिट्टी गीली होने की वजह से गायें सड़कों पर बैठी रहती है ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।






