सियान गुड़ी में भक्तिमय माहौल, देवठानी एकादशी पर बुजुर्गों ने भजन-कीर्तन के साथ मनाया पर्व

जांजगीर-चांपा। देवठानी एकादशी के पावन अवसर पर जांजगीर-चांपा स्थित सियान गुड़ी में पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान केंद्र में निवासरत एवं पंजीकृत बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और भक्ति गीतों के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद लिया।
60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित सियान गुड़ी केंद्र में बुजुर्गों की सुविधा और देखभाल का विशेष ध्यान रखा जाता है। यहां उन्हें आश्रय एवं सुरक्षा के साथ नियमित स्वास्थ्य सहायता, मनोरंजन, आपसी मेल-मिलाप, समय पर नाश्ता और पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
केंद्र का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित और खुशहाल वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे अकेलेपन से दूर रहकर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहें।
देवठानी एकादशी के अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन से सियान गुड़ी का वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस तरह के आयोजन बुजुर्गों में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी अपनापन और मानसिक प्रसन्नता बढ़ाने के साथ उनके जीवन में खुशियों के रंग भरने का काम कर रहे हैं।





