CG में अवैध अफीम कांड पर बड़ी कार्रवाई: ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित, 3 अधिकारियों को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस

दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में नया मोड़ सामने आया है. जिस खेत पर अफीम की फसल लहलहा रही थी, उसे कृषि विभाग के अधिकारी लगातार मक्के की फसल बता रहे थे. इस गंभीर लापरवाही के बाद दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीन अधिकारियों को 11 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में नया मोड़ सामने आया है. जिस खेत पर अफीम की फसल लहलहा रही थी, उसे कृषि विभाग के अधिकारी लगातार मक्के की फसल बता रहे थे.
इस गंभीर लापरवाही के बाद दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इनमें ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू, फसल सर्वेयर शशिकांत साहू और ग्राम समोदा की पटवारी अनिता साहू शामिल हैं. 11 मार्च को जारी नोटिस में कलेक्टर ने पांच बिंदुओं पर दो दिनों के अंदर जवाब मांगा था. सबसे बड़ी गड़बड़ी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू के कार्य में सामने आई है. दस्तावेजों की जांच से पता चला कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई विमल ताम्रकार के उस खेत को, जिसे उन्होंने मक्का फसल का प्रदर्शन प्लाट बताया था, दरअसल वहां धान की खेती हो रही थी.
इसका मतलब है कि शासन को जानबूझकर धोखा दिया गया. प्रदर्शन प्लाट का स्थान बदल दिया गया और राज्य शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी हासिल कर ली गई. नियम के अनुसार प्रदर्शन प्लाट पर उसी किसान की फोटो लगानी होती है जिसे सरकारी लाभ मिलना है, लेकिन यहां धान की फोटो की जगह मक्के के खेत के पास किसी अन्य किसान को खड़ा करके फोटो खींच ली गई. जिस मक्के की फोटो रिपोर्ट में लगाई गई थी, ठीक उसके पीछे ही अफीम की खेती फल-फूल रही थी. फसल सर्वेयर शशिकांत साहू ने सितंबर 2025 में खेत का डिजिटल सर्वे किया और सॉफ्टवेयर पर फोटो गिरदावरी अपलोड की. इसमें उन्होंने खसरा नंबर 309 को पड़त भूमि और खसरा नंबर 310 को धान की फसल बताया, जबकि इन दोनों खसरा नंबरों पर अफीम की खेती हो रही थी.
सर्वेयर ने खसरा दर के आधार पर रिपोर्ट तैयार की, जिसका सत्यापन पटवारी अनिता साहू को मौके पर जाकर करना था. लेकिन पटवारी ने बिना जांच किए ही मनमाफिक रिपोर्ट अप्रूव कर अपलोड कर दी, जिससे अफीम की खेती छिपी रह सकी. तीनों अधिकारियों पर भाजपा नेता विनायक ताम्रकार से सांठगांठ की आशंका जताई जा रही है. दुर्ग जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. और इस मामले में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित किया गया है.






