Chhattisgarhछत्तीसगढ

जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को किया गया नमन

जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर विगत दिवस जिले में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय आदिवासी बालक आश्रम मसनियाखुर्द में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। सभी ने देश की स्वतंत्रता, जनजातीय स्वाभिमान तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस
के अवसर पर कलेक्टर जयश्री जैन शासकीय आदिवासी बालक आश्रम मसनियाखुर्द में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सामूहिक प्रसारण किया गया, जिसमें विकासखंड सक्ती के विभिन्न छात्रावासों एवं आश्रमों के अधीक्षक तथा विद्यार्थियों ने सहभागिता कर प्रधानमंत्री जी के संबोधन को सुना।

जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश के स्वाभिमान और गौरव का उत्सव: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूरे देश का गौरव जुड़ा है। उनका जीवन, संघर्ष और बलिदान प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। जनजातीय गौरव दिवस आज पूरे देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अपने जनजातीय नायक-नायिकाओं के योगदान को गर्व के साथ याद कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के सशक्तीकरण और विकास के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पीएम जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की चर्चा करते हुए पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन के प्रयासों से आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद का सबसे अधिक दंश आदिवासी समाज ने झेला है। नक्सलवाद से मुक्ति के साथ जनजातीय क्षेत्रों में शांति, समृद्धि और विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के सफल उद्यमियों से संवाद कर उनकी उपलब्धियों और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

कलेक्टर ने शासकीय आदिवासी बालक आश्रम मसनियाखुर्द की विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

इस दौरान कलेक्टर जैन ने शासकीय आदिवासी बालक आश्रम मसनियाखुर्द की विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने किचन गार्डन, खिलौना घर, प्रिंट रिच सामग्री, पुस्तकालय, शयन कक्ष एवं भोजन कक्ष का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की सराहना की तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर जैन ने प्रधान पाठक शैलकुमार पांडेय एवं विद्यार्थियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति निरंतर लगन रखने तथा अपनी जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत को सहेजने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग स्वप्नीता सिंह, प्रधान पाठक शैलकुमार पांडेय, अधीक्षक उमेश राठौर, शिक्षक जगेश्वर भैना सहित विकासखंड सक्ती के विभिन्न आश्रमों एवं छात्रावासों के अधीक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं पालकगण उपस्थित रहे।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026