Chhattisgarh News: जंगल में नक्सलियों के हथियारों का बड़ा डंप बरामद, 50 बीजीएल गोले मिलने से मचा हड़कंप

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकर के घने जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों का छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। इसमें 50 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) के गोले शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने पुजारीकांकर के जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था। इस कार्रवाई में उसूर, आवापल्ली और पामेड़ थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान शामिल थे। तलाशी के दौरान जंगल में नक्सलियों का छिपाया हुआ ठिकाना मिला, जहां से 50 बीजीएल गोले बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामले में उसूर थाने में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बरामद गोलों के स्रोत और नक्सली गतिविधियों से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है।
लगातार जारी है नक्सल विरोधी अभियान
बीजापुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की ओर से लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों का उद्देश्य माओवादी नेटवर्क और उनके ठिकानों को कमजोर करना है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी और सुरक्षा संबंधी गतिविधियां भी तेज की गई हैं।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बीजापुर पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल या आसपास के इलाकों में कोई संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा शिविर को दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
धोनी के IPL रिटायरमेंट पर रोहित शर्मा का भावुक संदेश, बोले- आपके साथ कई यादें बनाना शानदार रहा
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। वहीं, बरामदगी को लेकर आगे की जांच जारी है।





