कोरबा में सीएसईबी कर्मी की ग्रेच्युटी व बोनस के 56 हजार रुपये हड़पने वाला लाइन परिचालक गिरफ्तार
सतपाल सिंह

कोरबा में सीएसईबी कर्मी की ग्रेच्युटी व बोनस के 56 हजार रुपये हड़पने वाला लाइन परिचालक गिरफ्तार
• आरटीजीएस के जरिए विभागीय खाते से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर की थी राशि
• कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल..

कोरबा (संवाददाता)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसईबी) के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि में हेराफेरी कर गबन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभाग के ही एक लाइन परिचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तुलसीनगर स्थित सीएसईबी के कार्यपालन अभियंता कार्यालय के प्रतिनिधि शत्रुहन कुमार सोनी ने कोतवाली थाने में गबन की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए संदेही हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व (थाना सिविल लाइन रामपुर) को उसके निवास से हिरासत में लिया। थाने लाकर की गई सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी हरीश कुमार साहू तुलसीनगर स्थित संभागीय कार्यालय (स/सं संभाग) में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से धोखाधड़ी कर सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। साक्ष्य और अपराध की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





