ब्रेकिंग – बेकाबू रफ्तार का कहर: बरमपुर मोड़ पर फिर पलटा कोयला लदा ट्रेलर, बाल-बाल बचे राहगीर
सतपाल सिंह के साथ ओमकार यादव की खबर

ब्रेकिंग – बेकाबू रफ्तार का कहर: बरमपुर मोड़ पर फिर पलटा कोयला लदा ट्रेलर, बाल-बाल बचे राहगीर..

कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मार्ग स्थित बरमपुर मोड़ पर शुक्रवार शाम एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कुसमुंडा से कोरबा की ओर जा रहा कोयला लोड ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BX 7239) मोड़ पर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त चपेट में आने से बाइक सवार बाल-बाल बच गए, अन्यथा एक बड़ा जनहानि हादसा हो सकता था।
प्रशासन की अनदेखी दे रही बड़े हादसे को न्योता
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ माह पूर्व भी ठीक इसी स्थान पर इसी तरह कोयला लदा ट्रेलर पलटा था। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद भारी वाहनों के चालक मोड़ पर भी रफ्तार कम नहीं करते। बेलगाम दौड़ते इन भारी वाहनों पर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा कोई ठोस लगाम न लगाए जाने से राहगीरों की जान हर वक्त जोखिम में रहती है।
सवालों से बचता दिखा चालक, झूठे बयानों में उलझाया
हादसे के बाद जब हमारे संवाददाता सतपाल सिंह ने ट्रेलर चालक से घटना का कारण जानना चाहा, तो वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल बातें करने लगा। कोयले से भरे ट्रेलर को वह खाली बताता रहा और शाम को हुई इस दुर्घटना को सुबह की घटना बताकर गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
फिलहाल, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यातायात सुचारू रूप से बहाल करने के लिए बीच सड़क पर पलटे ट्रेलर को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। लिंक पर जाकर देखे घटनास्थल की वीडियो…https://www.youtube.com/@humarakusmundaomgavel9110





