कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन पर छटेगा बरसों का अंधेरा: स्ट्रीट लाइटों की टेस्टिंग शुरू, इसी महीने से रफ्तार पकड़ेगा सड़क निर्माण सियासी घमासान: कांग्रेस ने बताया आंदोलन की जीत, भाजपा बोली— यह लखन लाल देवांगन के विकास संकल्प का नतीजा
सतपाल सिंह के साथ ओम गवेल की खबर

कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन पर छटेगा बरसों का अंधेरा: स्ट्रीट लाइटों की टेस्टिंग शुरू, इसी महीने से रफ्तार पकड़ेगा सड़क निर्माण
सियासी घमासान: कांग्रेस ने बताया आंदोलन की जीत, भाजपा बोली— यह लखन लाल देवांगन के विकास संकल्प का नतीजा
कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मार्ग पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। सर्वमंगला चौक से इमलीडुग्गु (इमलीछापर) तक सड़क के मध्य डिवाइडर में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है और इसकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है। सर्वमंगला चौक से बरमपुर तक लाइट कनेक्शन चार्ज होते ही यह पूरा हिस्सा दूधिया रोशनी से नहा उठा है। बाकी बचे हिस्सों में भी अगले एक-दो दिनों के भीतर लाइटें जलने लगेंगी।
गौरतलब है कि पिछले लगभग दो वर्षों से ठेकेदार द्वारा काम बीच में ही छोड़ देने के कारण इस महत्वपूर्ण फोरलेन का निर्माण अधर में लटका हुआ था। अब नए सिरे से टेंडर होने के बाद जहां स्ट्रीट लाइट का काम अंतिम चरण में है, वहीं इसी माह से बंद पड़ा सड़क निर्माण भी दोबारा शुरू होने की पूरी संभावना है। हालांकि, इमलीछापर चौक से कुचेना मोड़ तक ओवरब्रिज और फोरलेन का काम रुका होने के कारण फिलहाल इस पैच पर लाइटें नहीं लगाई जा सकी हैं।
क्रेडिट की जंग: लाइट जलते ही आमने-सामने आए कांग्रेस और भाजपा
सड़क पर रोशनी होते ही जिले की सियासत गरमा गई है। इस विकास कार्य का श्रेय लेने के लिए कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं:
कांग्रेस का दावा: ‘हमारे चक्काजाम और पूर्व मंत्री के प्रयासों का नतीजा’
नगर निगम पार्षद गीता गभेल ने इसे कांग्रेस के संघर्ष की जीत बताया है। उन्होंने कहा, “जिले के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस फोरलेन के लिए भारी-भरकम राशि स्वीकृत कराई थी। जब दो साल से काम बंद था, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों, व्यापारियों और आम जनता ने मिलकर उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। इसके बाद SECL, PWD और तहसीलदार ने लिखित आश्वासन दिया था। यह लाइटें उसी आंदोलन का परिणाम हैं। अगर बाकी बचे फोरलेन का काम जल्द शुरू नहीं हुआ, तो फिर से आंदोलन होगा।”
भाजपा का पलटवार: ‘6 साल का अंधेरा दूर कर रहे मंत्री लखन लाल देवांगन’
दूसरी ओर, भाजपा सर्वमंगला मंडल के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने इसे भाजपा की विकासवादी सोच का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “उद्योग मंत्री व कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन जी के चौमुखी विकास के संकल्प से पिछले 6 वर्षों से पसरा अंधेरा दूर हो रहा है। कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है। अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए नया टेंडर हो चुका है। ठेका कंपनी द्वारा तरदा में कंक्रीट क्रेशर प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जहाँ से सीधे मटेरियल कुसमुंडा लाकर काम को तेज गति से पूरा किया जाएगा। भाजपा जो कहती है, वो करती है।”
मुख्य बिंदु
• कहाँ जलेंगी लाइटें: सर्वमंगला चौक से इमलीछापर ओवरब्रिज की शुरुआत तक।
• सड़क निर्माण कब होगा शुरू: विभाग और ठेकेदार के दावों के मुताबिक इसी अक्टूबर महीने में काम दोबारा शुरू हो जाएगा।




