कोरबा रेल्वे फाटक के पास ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवक को कुचला,मौके पर मौत गुस्साए परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शव उठाने से किया इनकार, मौके पर जमकर प्रदर्शन एसडीएम और कोतवाली पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला, कार्रवाई का मिला आश्वासन
सतपाल सिंह
कोरबा रेल्वे फाटक के पास ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवक को कुचला,मौके पर मौत
गुस्साए परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शव उठाने से किया इनकार, मौके पर जमकर प्रदर्शन
एसडीएम और कोतवाली पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला, कार्रवाई का मिला आश्वासन..

कोरबा । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीडुग्गू रेलवे फाटक के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 22 वर्षीय स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के विरोध में घटनास्थल पर जमकर प्रदर्शन किया और शव उठाने से इनकार कर दिया।
मृतक की पहचान सीतामढ़ी हटरी निवासी अमित सागर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमित अपनी स्कूटी से इमलीडुग्गू फाटक के पास से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार भारी ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, परिजनों का फूटा गुस्सा
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गुस्साए परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से मना कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ आक्रोश
हंगामे की खबर मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रेम साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से चर्चा की। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच, दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और शासन के नियमानुसार उचित सहायता दिलाने का ठोस आश्वासन दिया।
अधिकारियों की काफी समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस को आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की सहमति दी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।





