अंधेरे की आड़ लेने चोर काट रहे स्ट्रीट लाइट के तार और उड़ा रहे फ्यूज,जगमगाए कोरबा-कुसमुंडा मार्ग में अपराधियों की काली नजर…. खदान से कबाड़ चोरी करने और सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाने के लिए बंद कर रहे लाइटें…
सतपाल सिंह

अंधेरे की आड़ लेने चोर काट रहे स्ट्रीट लाइट के तार और उड़ा रहे फ्यूज,जगमगाए कोरबा-कुसमुंडा मार्ग में अपराधियों की काली नजर….
खदान से कबाड़ चोरी करने और सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाने के लिए बंद कर रहे लाइटें…

कोरबा-कुसमुंडा फोर-लेन मार्ग पर सर्वमंगला चौक से इमली छापर चौक तक की गई रोशनी की चकाचौंध व्यवस्था अब असामाजिक तत्वों की आंखों में खटकने लगी है। रात के अंधेरे में काले कारनामों को अंजाम देने के लिए चोर और असामाजिक तत्व आए दिन स्ट्रीट लाइट को बंद करने के हथकंडे अपना रहे हैं। कभी ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ कर फ्यूज उड़ाए जा रहे हैं, तो कभी खंभों के बीच के केबल काटे जा रहे हैं। इससे मुख्य मार्ग पर अंधेरा पसरने लगा है।
जानकारी के अनुसार बरमपुर मोड़ से 6 नंबर बैरियर, डंपर पुल और खम्हरिया मोड़ तक कुसमुंडा खदान का मुहाना लगता है। इस क्षेत्र में सक्रिय गिरोह मुख्य मार्ग से रेल लाइन पार कर खदान में घुसते हैं और वहां से कबाड़ व अन्य कीमती सामान पार करते हैं। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और ट्रकों को भी ये चोर अपना निशाना बनाते हैं।
फोर लेन सड़क पर स्ट्रीट लाइट जलने के कारण इन चोरों की संदिग्ध गतिविधियां दूर से ही नजर आ जाती हैं। पकड़े जाने के डर से ही जानबूझकर बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है।
चोर अंधेरे का फायदा उठाकर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को अक्सर निशाना बनाते हैं,जिसमें वाहनों के डीजल और बैटरी चोरी करना शामिल है।
मार्ग पर अंधेरा होने से न केवल चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
आपको बता दें इमली छापर से सर्वमंगला चौक तक मुख्य सड़क पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने 5 ट्रांसफार्मर लगाए गए है,जिसमें आए दिन छेड़छाड़ की जा रही है जिससे कभी 6 नंबर बेरियर के पास,कभी खम्हरिया,तो कभी रेल्वे स्टेशन के पास की स्ट्रीट लाइट बंद रहती है। दीपावली भर बरमपुर मोड़ को छोड़कर पूरे इमली छापर तक की लाइट बंद थी। सुधार कार्य किया गया फिर एक दो दिन लाइट सुचारू रूप से जली लेकिन फिर से आज एक दो स्थान की लाइट बंद हो गई है।एक दो स्थान से तात्पर्य एक से दो किलोमीटर तक के स्ट्रीट लाइट की है।
क्षेत्र के नागरिकों ने मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और स्ट्रीट लाइट को क्षति पहुंचाने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।





