Chhattisgarhछत्तीसगढ

दक्षिण कोरिया में छत्तीसगढ़ का परचम लहराएंगे रायपुर के दो छात्र, रोबोटिक्स की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा के दम पर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर 2026 को होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बधाई दी और दक्षिण कोरिया में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर सक्ती जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का है। प्रदेश के विद्यार्थियों में नई तकनीक सीखने और नवाचार करने की रुचि लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलें।

नेशनल चैंपियनशिप में हासिल किया था दूसरा स्थान

पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर दोनों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के जरिए प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। इनमें से विभिन्न श्रेणियों के 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया।

क्या है LEGO Line Follower प्रतियोगिता?

LEGO Line Follower रोबोटिक्स प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसी के अनुसार आगे बढ़ सके। इस चुनौती को पूरा करने के लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता जरूरी होती है।

शिक्षकों और मेंटर्स का भी रहा योगदान

दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों की अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा भी मौजूद रहे।

सियान गुड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तुलसी विवाह, बुजुर्गों के चेहरों पर खिली मुस्कान

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, रोबोटिक्स और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026