बिलासपुर के शिवतराई जंगल में युवक की अधजली लाश मिली, पास में जली हुई बाइक बरामद; हत्या की आशंका

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित शिवतराई जंगल में एक युवक की अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास ही युवक की बाइक भी जली हुई हालत में मिली है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। आशंका है कि वारदात के बाद मृतक की पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव और बाइक को जलाया गया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
CG News: अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, TI समेत 4 घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, शिवतराई जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास सुनसान जगह पर स्थानीय लोगों ने जली हुई बाइक देखी। जब वे मौके के करीब पहुंचे तो कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शुरुआती जांच के साथ फोटोग्राफी कराई।
अंधेरे के कारण नहीं हो सकी विस्तृत जांच
घटना की सूचना गुरुवार देर शाम मिली थी। शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण पुलिस घटनास्थल की बारीकी से जांच नहीं कर सकी। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी रात में आवश्यक साक्ष्य एकत्र नहीं कर पाई। अब पुलिस की टीम दोबारा मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। इसके लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और स्निफर डॉग की भी मदद ली जाएगी।
मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव और बाइक को जलाया गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ का अलर्ट, इमरजेंसी सेवाओं को लेकर अस्पतालों को किया गया अलर्ट
SSP के निर्देश पर ACCU टीम सक्रिय
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU की टीम को सक्रिय किया है। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक कोटा के शिवतराई और आसपास के इलाकों में जांच करती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। हालांकि, अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





