CG News: गड़ा धन निकालने नदी किनारे चल रही थी तंत्र क्रिया, ग्रामीणों के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में गड़े धन के लालच में तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ किए जाने का मामला सामने आया है। दुर्ग मार्ग पर मुतेड़ा नवागांव के पास आमनेर नदी के किनारे शनिवार रात कुछ लोग कथित रूप से जमीन में दबे खजाने को निकालने के लिए तंत्र क्रिया कर रहे थे। देर रात नदी किनारे संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
सेवा सप्ताह के चतुर्थ दिवस लायंस क्लब चांपा द्वारा शिशु सुरक्षा किट एवं फल वितरण
ग्रामीणों को देखते ही मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, करीब आठ लोग अलग-अलग इलाकों से आमनेर नदी के सुनसान किनारे पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ये लोग जमीन में दबे कथित गड़े धन को निकालने के लिए तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ कर रहे थे। रात करीब आठ बजे के बाद नदी किनारे उनकी गतिविधियां जारी थीं।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दो आरोपी पकड़े गए
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान दुर्ग निवासी अर्जुन चौहान और घुमका बरबसपुर निवासी कन्हैया लाल साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में कन्हैया लाल साहू ने बताया कि इस पूरे मामले में करीब आठ लोग शामिल थे। इनमें दुर्ग और दल्लीराजहरा समेत अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल होने की बात सामने आई है।
हादसा, खबर अपडेट – कोरबा सर्वमंगला चौक में घायल युवती ने तोड़ा दम,हुई पहचान
बलवंत साहू का नाम भी सामने आया
पूछताछ के दौरान अवेली निवासी बलवंत साहू का नाम भी सामने आया है। उसे कथित तौर पर इस पूरे मामले का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बलवंत साहू की वास्तविक भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मौके से फरार हुए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में तंत्र-मंत्र के पीछे की वजह और गड़े धन से जुड़े दावे की भी जांच कर रही है।





