निलंबित आरक्षक निकला चोर! दो साथियों संग मिलकर अपने ही घर में की चोरी, पुलिस ने दबोचा

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निलंबित आरक्षक ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दी। सकरी थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा (31) को घर में रखे जेवरात और नगदी की पूरी जानकारी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अपने ही घर को निशाना बनाया। घटना के दौरान उसकी मां तीज मनाने के लिए रीवा गई हुई थीं।
BJP विधायक अनुज शर्मा का मोबाइल नंबर हैक, लोगों से मांगे जा रहे पैसे; MLA ने की ये अपील
मां की गैरमौजूदगी में आशीष ने घर के लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। इसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की रकम और सामान को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। घटना की शिकायत मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात संदिग्ध लगी। पुलिस ने संदेह के आधार पर घर के सदस्य आशीष मिश्रा से पूछताछ की। इसके अलावा सिविल लाइन क्षेत्र के 27 खोली निवासी उसके दोस्त सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27) और उसलापुर निवासी अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23) से भी पूछताछ की गई।
AAP नेता की दुल्हनिया निकली ठग! PCS अफसर बनकर की शादी, फिर लाखों के जेवर लेकर फरार
पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने पूरी साजिश का खुलासा हो गया। जांच में सामने आया कि आशीष को घर में रखे जेवरात और नगदी की जानकारी थी और उसने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक बरामद कर जब्त कर ली है। सकरी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





