Chhattisgarhछत्तीसगढ

CG Coal Scam: कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख की व्यवस्था का जिक्र, देवेंद्र यादव-तिवारी की चैट से खुलासा

CG Coal Scam: छत्तीसगढ़ के 570 करोड़ रुपये के कथित कोल लेवी घोटाले की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने मामले में छठा पूरक चालान रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया है। 9 हजार से अधिक पन्नों के इस चालान में 12 आरोपितों से जुड़ी जांच सामग्री, दस्तावेज, डायरी की प्रविष्टियां, बातचीत और अन्य साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। इसी जांच सामग्री में कवि डॉ. कुमार विश्वास के एक कार्यक्रम का भी जिक्र सामने आया है।

निलंबित आरक्षक निकला चोर! दो साथियों संग मिलकर अपने ही घर में की चोरी, पुलिस ने दबोचा

ईओडब्ल्यू की ओर से पेश चालान की समरी में विधायक देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई वाट्सऐप बातचीत का हवाला दिया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस बातचीत में वर्ष 2022 में खैरागढ़ में रामनवमी के अवसर पर आयोजित कुमार विश्वास के ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने का उल्लेख मिला है।

पांच अप्रैल की चैट में 25 लाख रुपये का जिक्र

ईओडब्ल्यू के मुताबिक, 5 अप्रैल 2022 को देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई बातचीत में कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद 6 अप्रैल की बातचीत और 7 अप्रैल को ‘दुर्ग समूह’ में हुई चैट में नकद राशि मिलने और उसे आगे पहुंचाने से संबंधित संदेशों का भी उल्लेख जांच एजेंसी ने किया है।

जांच एजेंसी ने इन बातचीत के स्क्रीनशॉट को अभियोग पत्र के साथ परिशिष्ट के रूप में संलग्न किया है। ईओडब्ल्यू का कहना है कि इन बातचीत की जानकारी का मिलान जब्त डायरी में दर्ज प्रविष्टियों और कथित तौर पर राशि पहुंचाने वाले लोगों के बयानों से किया गया है।

खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान हुआ था कार्यक्रम

कुमार विश्वास का ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम वर्ष 2022 में खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के दौरान आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को लेकर उस समय राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी।

शिकायत में रामनवमी पर शोभायात्रा की अनुमति नहीं दिए जाने और कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दिए जाने का मुद्दा उठाया गया था। अब ईओडब्ल्यू की जांच में कार्यक्रम के आयोजन से जुड़ी 25 लाख रुपये की कथित व्यवस्था का उल्लेख देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई बातचीत के आधार पर किया गया है।

विरोध प्रदर्शनों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित, ECI ने जारी किया स्पष्टीकरण

देवेंद्र यादव के नाम से 35 लाख की डायरी एंट्री का दावा

पूरक चालान में 9 अप्रैल 2022 को देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच खैरागढ़ पहुंचने को लेकर हुई बातचीत का भी उल्लेख किया गया है। ईओडब्ल्यू के अनुसार, इसी दिन जब्त डायरी बीएस-01 में देवेंद्र यादव के नाम से 35 लाख रुपये की प्रविष्टि मिली है।

जांच एजेंसी ने नवाज नामक व्यक्ति द्वारा देवेंद्र यादव के लिए भेजी गई राशि प्राप्त करने और उसके माध्यम से रकम पहुंचाए जाने से संबंधित कथन का भी उल्लेख किया है। इसके अलावा 30 मार्च 2022 की 10 लाख रुपये की डायरी प्रविष्टि के संबंध में भी इसी तरह का बयान दर्ज होने की बात चार्जशीट में कही गई है।

ईओडब्ल्यू ने इन चैट, डायरी प्रविष्टियों और संबंधित लोगों के कथनों को अपनी जांच सामग्री का हिस्सा बनाया है। मामले में आगे की सुनवाई रायपुर की विशेष अदालत में होगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026