Chhattisgarhछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ के 10 हजार युवाओं को रोजगार का मौका, रायपुर में इस दिन लगेगा राज्यस्तरीय रोजगार मेला

रायपुर : छत्तीसगढ़ के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल रखने वाले अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले सकेंगे।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह आयोजन बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होगा। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, ऐसे में रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।

CG Crime: बीमारी और अनहोनी का डर दिखाकर महिला से ठगी, फर्जी बाबा 15 तोला सोना और नकदी लेकर फरार

8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

सरकार के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

10वीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक के युवाओं के लिए अवसर

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग करने वाले युवाओं के लिए अलग-अलग पद उपलब्ध हैं। इसके अलावा कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित पोस्ट ग्रेजुएट अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पद शामिल हैं। वहीं मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर के लिए भी रिक्तियां उपलब्ध हैं।

इन क्षेत्रों में भी मिलेंगे नौकरी के अवसर

रोजगार मेले में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों के लिए भी अवसर हैं।

इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, एचआर, नर्सिंग, केयरटेकर और सुरक्षा सेवाओं से जुड़े पद भी शामिल हैं। परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पदों पर भी भर्ती के अवसर उपलब्ध होंगे।

कई बड़ी कंपनियां होंगी शामिल

मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई कंपनियां और प्लेसमेंट एजेंसियां शामिल होंगी।

इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट की ओर से भी रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।

Chhattisgarh: सेवा संकल्प अभियान में ग्रामीणों के रंग में रंगे कलेक्टर, गाजे-बाजे पर किया मांदरी नृत्य

ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन

रोजगार मेले के लिए आवेदन प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा गया है। इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की ओर से उपलब्ध कराई गई रिक्तियां प्रदर्शित की जा रही हैं। कंपनियां अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखकर जरूरत के अनुसार प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगी।

पिछले दो वर्षों में हजारों युवाओं का चयन

रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।

वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 5,314 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार और दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 4,149 अभ्यर्थी चयनित हुए।

वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक प्रदेश में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026