प्रशासन की उदासीनता कब तक लेती रहेगी लोगों की जान?
राजीव गांधी चौक पर फिर पलटी कार, *अमित तिवारी ने* पहले ही डिवाइडर हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन

बिलासपुर। शहर के राजीव गांधी चौक पर एक बार फिर कार पलटने की घटना ने यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज से उतरते समय एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक युवक के घायल होने की खबर है।
हैरानी की बात यह है कि इस दुर्घटना की आशंका को लेकर समाजसेवी एवं नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक व अध्यक्ष अमित तिवारी पहले ही प्रशासन को आगाह कर चुके थे। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजीव गांधी चौक के पास स्थित डिवाइडर को हटाने की मांग की थी, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप इस चौक पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। समाचार रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2025 में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर करीब छह बार पलटी थी, जिसमें एक व्यवसायी की जान चली गई थी। जनवरी 2024 में भी इसी स्थान पर कार पलटने से एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। अक्टूबर 2026 में भी इसी चौक पर कार पलटने की घटना सामने आई थी।
अमित तिवारी ने प्रशासन से सवाल उठाते हुए कहा कि जब दुर्घटनाओं की आशंका से प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया गया था और डिवाइडर हटाने की मांग की गई थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या प्रशासन किसी और बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
नागरिक सुरक्षा मंच की मांग है कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजीव गांधी चौक के डिवाइडर की तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यकता के अनुसार उसे तत्काल हटाया जाए या यातायात के अनुकूल पुनर्निर्माण किया जाए।
आखिर प्रशासन की उदासीनता की कीमत आम नागरिक कब तक अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?





