अब कब और किससे भिड़ेगी टीम इंडिया? रोहित शर्मा और विराट कोहली भी आएंगे नजर, जानें मैचों की तारीखें

भारतीय क्रिकेट टीम की एक और वनडे सीरीज का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। दिसंबर में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तक टीम इंडिया का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
13 दिसंबर से शुरू होगी भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। दूसरा मैच 16 दिसंबर को बेंगलुरु में आयोजित होगा। वहीं, सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह 2026 में भारतीय टीम की आखिरी वनडे सीरीज होगी।
इसके बाद जनवरी 2027 में टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। यह सीरीज भी भारतीय सरजमीं पर आयोजित होगी और इसकी शुरुआत 3 जनवरी से होगी।
रोहित और विराट की वापसी पर रहेंगी नजरें
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी को लेकर फैंस में उत्सुकता है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों के खेलने पर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। भारतीय टीम का चयन होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी में जुटी टीमें
साल 2027 में वनडे विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। ऐसे में भारतीय टीम ने भी इस बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विश्व कप से पहले टीम इंडिया कई वनडे मुकाबले खेलेगी, ताकि खिलाड़ियों को आजमाने के साथ बेहतर टीम संयोजन तैयार किया जा सके।
अब सबकी नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर होंगी। विश्व कप में इन दोनों दिग्गजों को मौका मिलेगा या नहीं, यह उनके प्रदर्शन और टीम चयन पर निर्भर करेगा।





