बाढ़ राहत राशि नहीं मिलने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया चक्काजाम

जगदलपुर : बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों और आम लोगों को अब तक राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा गरमा गया है। बुधवार को जगदलपुर में कांग्रेस ने इसको लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमागुड़ा चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज पर OP चौधरी का पलटवार, बोले- राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए चिल्ला रहे
पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया
आमागुड़ा चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया और यातायात बहाल कराने की कोशिश की।
प्रभावित किसानों को 65 हजार रुपये प्रति एकड़ देने की मांग
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बाढ़ और अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को अब तक उचित मुआवजा और राहत राशि नहीं मिली है। पार्टी ने सरकार से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार रुपये की राहत राशि देने की मांग की।
इसके अलावा आपदा प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित लोगों को जल्द राहत नहीं दी गई और मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





