CG Crime: ‘बुलाती है… मगर जाने का नहीं!’ शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी को बुलाकर रची मौत की साजिश

CG Crime: बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हमले के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक को उसकी प्रेमिका ने शांतिनगर स्थित अपने घर मिलने बुलाया था, जहाँ योजनाबद्ध तरीके से उस पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला कर उसे कुएं में फेंक दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में जगदलपुर के मेकाज (मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया था, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
CG में दर्दनाक सड़क हादसा: यात्री बस की भीषण टक्कर से कार चालक की मौके पर मौत, दो लोग गंभीर घायल
मामले की जानकारी देते हुए मृतक दिलीप के बड़े भाई दुर्गेश कडिय़म ने बताया कि दिलीप और उक्त युवती दोनों बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत थे। पिछले लगभग एक वर्ष से दोनों के बीच संबंध थे। भाई के अनुसार, दिलीप को बाद में पता चला था कि युवती विवाहित है, इसके बावजूद वह उसे अपनाने के लिए तैयार था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, 5 जुलाई को युवती ने दिलीप को बीजापुर के शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया था। वहाँ युवती के कुछ अन्य मित्र भी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढऩे पर युवती और उसके साथियों ने मिलकर पहले दिलीप के सिर पर पत्थर से वार किया, फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर उसे लहुलूहान कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घायल दिलीप को पास के एक कुएं में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दिलीप को तुरंत कुएं से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर कर दिया। मेकाज में गहन चिकित्सा के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई है। परिजनों की शिकायत और आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।






