छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ का जिला निर्वाचन संपन्न, प्रभात सोनछत्र बने जिलाध्यक्ष, सागर सोनी महासचिव

बिलासपुर – छ .ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की जिला इकाई बिलासपुर का निर्वाचन प्रदेश अध्यक्ष सुबोध तिवारी जी के मार्गदर्शन में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक एवं स्वागत समारोह के दौरान पत्रकारों के हित, अधिकार, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश महासचिव शशांक दुबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश कुमार तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राधेश्याम कोरी, प्रदेश संगठन सचिव डॉ. अजय चक्रधारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष साहू, सोमनाथ चंद्रा तथा डिजिटल प्रभारी ओमप्रकाश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नई जिला कार्यकारिणी में प्रभात सोनछत्र को जिला अध्यक्ष, लता गुप्ता को उपाध्यक्ष, सागर सोनी को महासचिव, पुष्पा साहू को संगठन सचिव तथा नीरज साहू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष प्रभात सोनछत्र ने अपने संबोधन में कहा कि वे पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को जिले के प्रत्येक पत्रकार तक पहुंचाने और सभी को एक मंच पर जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं, नवनिर्वाचित महासचिव सागर सोनी ने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही युवा पत्रकारों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजनाएं भी तैयार की जाएंगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकार साथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया तथा नई टीम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई।






