मासूम भव्या के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ फूटा आक्रोश: माँ कूष्मांडा दाई सेवा समिति ने निकाला कैंडल मार्च, दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
सतपाल सिंह

मासूम भव्या के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ फूटा आक्रोश: माँ कूष्मांडा दाई सेवा समिति ने निकाला कैंडल मार्च, दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि..
कोरबा (कुसमुंडा)।
कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम बच्ची भव्या के साथ हुई दिल दहला देने वाली और निंदनीय घटना के विरोध में रविवार को कुसमुंडा क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश देखने को मिला। आदर्श नगर कुसमुंडा क्षेत्र के अंतर्गत सक्रिय सामाजिक संगठन ‘माँ कूष्मांडा दाई सेवा समिति’ के सदस्यों द्वारा इस घृणित कृत्य के विरोध में एक विशाल व शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया।
शांतिपूर्ण मार्च से न्याय की गुहार
हाथों में मोमबत्तियां और मासूम के प्रति संवेदना लिए समिति के सदस्य आदर्श नगर से रवाना हुए। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना और समाज में बढ़ रहे ऐसे अपराधों के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करना था। शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ता हुआ यह कैंडल मार्च डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक (बैंक कॉलोनी) पहुंचा।
अम्बेडकर चौक पर दी गई श्रद्धांजलि
अम्बेडकर चौक पर एकत्रित होकर समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाईं। वहां उपस्थित जनसमूह ने मृत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और मासूम भव्या को अपनी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रबुद्ध जनों ने जताई गहरी चिंता
इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में समाज के सभी गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध जन और मातृशक्ति बड़ी संख्या में शामिल हुए। समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि, “मासूम बच्चों के साथ ऐसी बर्बरता समाज के माथे पर कलंक है। इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।”
भव्या को न्याय दिलाने की मांग के साथ समिति ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल अत्यंत गमगीन रहा।





