Korba Accident News : कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के लाल घाट में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक लाल घाट के पास बाइक से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की तहकीकात में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक की तलाश जारी है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी प्रयासों के बाद सड़क पर आवागमन बहाल हो सका। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि रेत से भरे ट्रक कहां से आ रही थी और क्या यह रेत तस्करी का मामला है।
उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से रेत के अवैध परिवहन पर नजर रखने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह भी सवाल उठ रहा है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है। जिला प्रशासन और पुलिस ने कोरबा के निवासियों से अपील की है कि वे सड़कों पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही, जिले में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।