ब्रेकिंग कोरबा – तलवार की नोक पर ट्रेलर से लूट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
•बांकीमोंगरा पुलिस की कार्रवाई, घटना के बाद से चल रहा था फरार
1.11 लाख के सामान की हुई थी लूट, मुख्य साथी पहले ही जा चुका है जेल

कोरबा/बांकीमोंगरा, 29 नवंबर। बांकीमोंगरा पुलिस ने ट्रेलर वाहनों से टायर और बैटरी लूटने के मामले में पिछले डेढ़ महीने से फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कटघोरा निवासी 22 वर्षीय सहमत खान उर्फ राजा खान के रूप में हुई है।
क्या था पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी वेद प्रकाश सिंह ने 12 अक्टूबर 2026 को बांकीमोंगरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि सुराकछार स्थित रामबाबू कैंप के पास खड़े दो ट्रेलर वाहनों (सीजी 04 एचबी 5231 और सीजी 12 एस 1698) के टायर खोले जा रहे थे। जब वहां मौजूद मुंशी विकास यादव ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे धारदार तलवार दिखाकर डराया-धमकाया। मुंशी के शोर मचाने पर आरोपी चारों टायर वहीं छोड़कर भाग निकले, लेकिन जाते-जाते वे दूसरे ट्रेलर के केबिन से दो बैटरी, जैक और व्हील पाना लूट ले गए। लूटे गए कुल सामान की कीमत 1,11,700 रुपये आंकी गई थी।
एक आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 309(4), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने पहले ही इस वारदात में शामिल सरगुजा जिले के उदयपुर निवासी 26 वर्षीय नजीर अली को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार (सीजी 04 पीसी 9142), एक तलवार और लूटा गया पूरा माल बरामद कर उसे जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम की भूमिका
घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी सहमत उर्फ राजा खान (निवासी वार्ड क्रमांक 07, झंडा चौक कटघोरा) की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर रविवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राम कुमार साव, सउनि नंदलाल टंडन, आरक्षक हरीश मरावी, मुकेश यादव और दिलेर मनहर की सराहनीय भूमिका रही।





