ChhattisgarhKorbaकोरबा न्यूजछत्तीसगढ

कैम्पा फंड के हिसाब पर पर्दा! CCF के दो-दो आदेशों को भी ठेंगा दिखा रहे कटघोरा DFO, महीने बीते पर आज तक नहीं दी आरटीआई की जानकारी

कोरबा/कटघोरा : पारदर्शिता के सबसे बड़े हथियार ‘सूचना का अधिकार’ को कटघोरा वनमण्डल में किस तरह बेअसर बना दिया गया है, इसका चौंकाने वाला खुलासा आधिकारिक दस्तावेजों से हुआ है। राज्य कैम्पा मद से कराए गए निर्माण और वानिकी कार्यों का हिसाब छिपाने के लिए कटघोरा वनमण्डलाधिकारी एवं जनसूचना अधिकारी ने नियमों की आड़ में ऐसे बहाने गढ़े, जिन्हें उनके ही वरिष्ठ अधिकारी यानी मुख्य वन संरक्षक, बिलासपुर वृत्त ने दो-दो बार सिरे से खारिज कर दिया। हैरानी की बात यह है कि शीर्ष अधिकारी के लिखित आदेशों के बावजूद कटघोरा वनमण्डल की हठधर्मिता जारी है और आज दिनांक (26 नवंबर 2026) तक आवेदक को किसी भी मामले में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

छत्तीसगढ़ में पटवारी समेत 5 पदों की भर्ती पर बड़ा अपडेट, कंप्यूटर योग्यता को लेकर सरकार ने किया स्थिति साफ

पहली फजीहत: ‘जानकारी अस्पष्ट है’ कहकर झाड़ा पल्ला, 4 महीने बाद भी आदेश हवा में

* आवेदन और टालमटोल: कोरबा के पथर्रीपारा निवासी आरटीआई कार्यकर्ता जितेन्द्र कुमार साहू ने 20 मई 2026 को आवेदन लगाकर वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य कैम्पा मद से कराए गए स्वीकृत कार्यों की सूची राशि सहित मांगी थी। कटघोरा DFO ने 5 जून 2026 को पत्र क्रमांक/स्टेनो/2026/2142 जारी कर पुराने आयोग आदेशों का हवाला देते हुए जानकारी देने से यह कहकर इनकार कर दिया कि “चाही गई जानकारी अस्पष्ट है”।

* CCF का आदेश: प्रथम अपील प्रकरण क्रमांक 227/2026 की सुनवाई करते हुए मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त मनोज कुमार पाण्डेय (भा.व.से.) ने 27 जुलाई 2026 को आदेश पारित कर कटघोरा DFO को निर्देशित किया कि आवेदक को किसी 01 वर्ष के स्वीकृत कार्यों की सूची राशि सहित सत्यापित प्रति उपलब्ध कराई जाए।

* राज्य सूचना आयोग में जुर्माने की मांग: दो वर्षों की जगह केवल एक वर्ष की जानकारी देने के आदेश से असंतुष्ट होकर आवेदक ने 3 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग, नवा रायपुर में द्वितीय अपील दायर की है, जिसमें जनसूचना अधिकारी एवं DFO कटघोरा पर शास्ति लगाकर दंडित करने की मांग की गई है।

मुख्य वन संरक्षक द्वारा 27 जुलाई 2026 को पारित आदेश को चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन कटघोरा DFO कार्यालय ने अपने ही वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश को दरकिनार करते हुए आज दिनांक तक एक वर्ष की सूची भी आवेदक को नहीं दी है।

दूसरी फजीहत: ‘सृजनात्मक जानकारी’ का नया बहाना भी हुआ फेल, एक महीने से दबाई फाइल

* नया आवेदन, नया पैंतरा: पहले मामले में किरकिरी होने के बावजूद कटघोरा DFO कार्यालय ने दूसरे आवेदन में नया बहाना ढूंढ निकाला। आवेदक द्वारा 21 अगस्त 2026 को आवेदन देकर वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य कैम्पा मद से कराए गए स्वीकृत कार्यों की राशि सहित सूची मांगी गई, जिस पर 15 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक/स्टेनो/2026/4014 में DFO ने जवाब दिया कि “जानकारी सृजनात्मक प्रवृत्ति की है” और अलग से सूची तैयार कर देने का प्रावधान नहीं है।

* फिर पलटा DFO का फैसला: आवेदक ने 25 सितंबर 2026 को पुनः प्रथम अपील प्रकरण क्रमांक 752/2026 दायर की, जिस पर सुनवाई के बाद 26 अक्टूबर 2026 को जारी अपने आदेश पृ.क्र./जनसूचना/752/11991 में मुख्य वन संरक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने कटघोरा DFO के तर्क को खारिज करते हुए वर्ष 2026-27 में राज्य कैम्पा मद से कराए गए स्वीकृत कार्यों की सूची राशि सहित सत्यापित प्रतिलिपि प्रदान करने का स्पष्ट आदेश दिया।

इस दूसरे आदेश को जारी हुए भी पूरा एक महीना गुजर चुका है, लेकिन आज दिनांक तक कटघोरा वनमण्डल की ओर से आवेदक को न तो कोई दस्तावेज दिया गया है और न ही आदेश के पालन की कोई सूचना दी गई है।

Train Cancelled: छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को झटका! 27 से 30 नवंबर तक कई ट्रेनें रद्द, बिलासपुर-रायगढ़ रूट होगा प्रभावित

वरिष्ठ अधिकारी के आदेशों की खुलेआम अवहेलना

विभागीय गलियारों में यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि जब वनमण्डल में कैम्पा मद से स्वीकृत कार्यों और उनकी राशि का पूरा रिकॉर्ड पहले से संधारित होता है, तो उसे छिपाने के लिए पहले गलत तर्क दिए गए और अब मुख्य वन संरक्षक के लिखित आदेशों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। लगातार दो बार अपीलीय अधिकारी से फटकार लगने और महीनों बाद भी जानकारी न देने के इस रवैये के बाद अब सबकी निगाहें राज्य सूचना आयोग की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां आदेशों की अवहेलना और जानकारी छिपाने के मामले में संबंधित अधिकारी पर जुर्माने की गाज गिर सकती है।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026