बिलासपुर में बदमाश की दबंगई! समझाइश देने पहुंचे TI से की बदसलूकी, हाथापाई और धक्का-मुक्की की कोशिश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। सिम्स अस्पताल के सामने गुरुवार रात एक युवक ने जमकर हंगामा किया। राहगीरों को परेशान करने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) ने जब उसे समझाने की कोशिश की, तो युवक उनसे ही उलझ गया। आरोपी ने थाना प्रभारी के साथ बदसलूकी की और धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
छत्तीसगढ़ में कारोबारी की मौत से सनसनी, 50 लाख की ठगी और भारी कर्ज का मामला आया सामने
समझाइश देने पर TI से भिड़ा युवक
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात सिम्स अस्पताल के सामने एक युवक नशे की हालत में राहगीरों को परेशान कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह उल्टा पुलिस अधिकारी से ही बहस करने लगा।
गाली-गलौज के बाद धक्का-मुक्की की कोशिश
घटना के सामने आए वीडियो में युवक थाना प्रभारी की समझाइश पर नाराज होता दिखाई दे रहा है। वह उनके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करने के साथ ही धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
थाना प्रभारी के साथ हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल युवक के खिलाफ पुलिस ने क्या कार्रवाई की है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।





