अपर कलेक्टर नवीन भगत ने धान खरीदी केंद्र बरपाली का किया औचक निरीक्षण
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती, कलेक्टर जयश्री जैन के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत ने धान खरीदी केंद्र बरपाली का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को धान खरीदी सम्बन्धी सभी तैयारियां सुनिश्चित रखे जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बारदाने, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे, धान की गुणवत्ता जांच, पेयजल, शौचालय एवं किसानों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। अपर कलेक्टर भगत ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखे, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





