Chhattisgarhछत्तीसगढ

CG News: सड़क पर अचानक दिखा सफेद भालू! दुर्लभ नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद भालू की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। पेंड्रा वन परिक्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार नजर आ रहे इस भालू को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ डर भी बना हुआ है। ताजा मामला कुदरी गांव का है, जहां सड़क किनारे घूमते सफेद भालू का वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में सफेद भालू सड़क पार कर पहाड़ी की ओर जाता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह भालू पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में विचरण कर रहा है। अक्सर शाम ढलने के बाद यह जंगल से निकलकर गांव के आसपास पहुंचता है और कुछ देर चहलकदमी करने के बाद वापस पहाड़ी की ओर लौट जाता है।

रायगढ़ के कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर नितिन नबीन का बड़ा बयान, बोले- अब भी सक्रिय हैं ‘दिमागी नक्सली’

कई गांवों में दिखाई दे चुका है सफेद भालू

सफेद भालू की मौजूदगी केवल कुदरी गांव तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते 26 और 27 अक्टूबर की शाम इसे गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के पास देखा गया था। वहीं, 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द और करीब पांच महीने पहले आमादांड गांव में भी इसके नजर आने की जानकारी सामने आई थी। अलग-अलग इलाकों में लगातार इसकी मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट, गश्त बढ़ाने की मांग

शाम के समय भालू के गांवों के नजदीक पहुंचने से किसानों और राहगीरों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने के साथ ही भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

वन अधिकारियों के मुताबिक, भालू के दिखाई देने की सूचना मिलने पर जांच दल को मौके के लिए रवाना किया गया है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और शाम के समय अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

एल्बिनिज्म या ल्यूसिज्म के कारण सफेद दिखता है भालू

विशेषज्ञों के अनुसार, यह भालू भारतीय स्लॉथ बीयर (Sloth Bear) प्रजाति का ही है। सामान्य तौर पर इस प्रजाति के भालुओं का रंग काला होता है, लेकिन शरीर में रंगद्रव्य मेलानिन की कमी से कुछ भालुओं का रंग असामान्य रूप से हल्का या सफेद दिखाई दे सकता है। इसके पीछे एल्बिनिज्म या ल्यूसिज्म जैसी आनुवंशिक स्थितियां हो सकती हैं।

U19 Asia Cup: भारत से हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर बरसे पूर्व खिलाड़ी, बोले- ‘हम बिल्कुल जीरो हैं, हमारा सिस्टम कुछ नहीं’

छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन्यजीव अभयारण्य और मरवाही के जंगलों में भी इस तरह के दुर्लभ सफेद भालुओं को देखे जाने की जानकारी सामने आती रही है। यही वजह है कि कुदरी गांव के आसपास दिखाई दे रहा यह भालू वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026