लापता SECL कर्मी सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले, सर्वमंगला चौकी पुलिस ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
सतपाल सिंह

लापता SECL कर्मी सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले, सर्वमंगला चौकी पुलिस ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल..
कोरबा, 9 अक्टूबर: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ी खबर सामने आई है. वैशाली नगर के रहने वाले SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) कर्मी अशोक कुमार बीते तीन दिनों से घर से लापता थे, जो आज सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े हुए मिले। सर्वमंगला चौकी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार पिछले दो-तीन दिनों से अपने घर से गायब थे। आज वे रास्ते के किनारे घायल और बेसुध हालत में पड़े हुए थे। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही सर्वमंगला चौकी पुलिस की टीम भीड़ देखकर रुकी और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की।
विकासनगर से जिला अस्पताल रेफर
पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल SECL कर्मी को तुरंत विकासनगर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोरबा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
अशोक कुमार बीते तीन दिनों से लापता कैसे हुए और वे इस गंभीर हालत में सड़क किनारे कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनकी जान बचाई और अब इस बात की तफ्तीश में जुट गई है कि उनके साथ कोई दुर्घटना हुई है या कोई अन्य वारदात।





