शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, 10 महीने से वेतन नहीं मिलने पर ‘मोदी’ को बताया जिम्मेदार

बिलासपुर से सामने आए इस मामले ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोटा क्षेत्र के बहेरामुड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचा नजर आ रहा है। वीडियो में वह खुद को स्कूल का प्रधान पाठक बताते हुए करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिलने की बात कह रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार ठहरा रहा है।
कुसमुंडा खदान में रफ्तार का कहर: आमने-सामने भिड़े दो कोयला वाहन, चालक की मौत
वीडियो में संबंधित व्यक्ति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
वीडियो में नशे में नजर आ रहा व्यक्ति खुद को प्रधान पाठक बता रहा है, जबकि उसके पास बैठे एक अन्य व्यक्ति बाद में अपना परिचय बहेरामुड़ा स्कूल के प्रधान पाठक प्रदीप कुमार पेंद्रो के रूप में देते दिखाई देते हैं। ऐसे में वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की वास्तविक पहचान और स्कूल में उसकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बहेरामुड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का संचालन महज दो शिक्षकों के भरोसे हो रहा है। इस स्थिति के चलते स्कूल में विभागीय निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की वास्तविकता विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





