CG CRIME: प्रेमिका पर चाकू से हमला… घर में घुसकर सनकी आशिक ने किया वार, सामने आई चौंकाने वाली वजह

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से प्रेम प्रसंग से जुड़ा चाकूबाजी का मामला सामने आया है। कुरूद थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
Chhattisgarh: IFS अधिकारी पर पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप, अफसर बोले- मामला कोर्ट में विचाराधीन
दोनों एक ही राइस मिल में करते हैं काम
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है। वह कोंडागांव की रहने वाली है और कुरूद क्षेत्र स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती है। आरोपी युवक दिलेश्वर भाटागांव का रहने वाला है और वह भी उसी राइस मिल में काम करता है।

मोबाइल रिचार्ज को लेकर था शक
बताया जा रहा है कि अनीता और दिलेश्वर के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दिलेश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल में रिचार्ज करवाता था। आरोपी को शक था कि उसके द्वारा करवाए गए रिचार्ज का इस्तेमाल अनीता किसी दूसरे युवक से घंटों बातचीत करने के लिए कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
घर में घुसकर चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते दिलेश्वर अनीता के घर पहुंचा और अंदर घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती की कमर, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल अनीता को इलाज के लिए कुरूद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे धमतरी के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चाकूबाजी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





