कोरबा – धान के खेत में लावारिस मिली नवजात बच्ची, जिला अस्पताल रेफर
राजू सैनी

कोरबा – धान के खेत में लावारिस मिली नवजात बच्ची, जिला अस्पताल रेफर

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है. बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम जवाली-अभयपुर में धान के खेत में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली। रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से बच्ची को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
तेज चल रही थीं सांसें
देर रात सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा थाना प्रभारी सत्यम साहू के निर्देश पर ग्रामीण नवजात को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। कटघोरा BMO डॉ. रश्मि सिंह ने बताया कि सुबह करीब 4:10 बजे बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी सांसें थोड़ी तेज चल रही थीं। बेहतर चिकित्सकीय निगरानी और कानूनी प्रक्रिया के तहत अब बच्ची को जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
इलाके में तीसरी घटना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात मिलने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले ग्राम कसरेंगा में एक नवजात बालक और मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे एक भ्रूण मिल चुका है। पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर नवजात को खेत में किसने और क्यों छोड़ा।





