Chhattisgarh: सेवा संकल्प अभियान में ग्रामीणों के रंग में रंगे कलेक्टर, गाजे-बाजे पर किया मांदरी नृत्य

कांकेर : जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम मोदे में जिला स्तरीय शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया।
मांदरी नृत्य ने खींचा कलेक्टर का ध्यान
शिविर में ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ आदिवासी अंचल की पारंपरिक पहचान माने जाने वाले मांदरी नृत्य की प्रस्तुति दी। ग्रामीण युवाओं को पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य करते देख कलेक्टर कुंदन कुमार भी उत्साहित नजर आए।
ग्रामीणों के साथ कलेक्टर ने किया मांदरी नृत्य
ग्रामीणों का उत्साह देखकर कलेक्टर कुंदन कुमार खुद को रोक नहीं पाए और मांदरी नृत्य में शामिल हो गए। उन्होंने ग्रामीण युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक नृत्य किया। कलेक्टर को अपने बीच नृत्य करते देख ग्रामीणों में भी खासा उत्साह नजर आया।
इस दौरान शिविर में मौजूद ग्रामीणों और अधिकारियों ने भी इस खुशनुमा माहौल का आनंद लिया। सेवा संकल्प अभियान के शिविर में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद के साथ पारंपरिक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली।





