आसमान में ‘हाईजैक’ की खौफनाक साजिश: भारतीय जांबाज पायलट ने 174 जिंदगियां बचाईं.
देश दुनिया

आसमान में ‘हाईजैक’ की खौफनाक साजिश: भारतीय जांबाज पायलट ने 174 जिंदगियां बचाईं..
दुबई से इजरायल जा रहे ‘फ्लाईदुबई’ (Flydubai) के विमान में बुधवार को वो हुआ, जिसकी कल्पना कर ही रूह कांप जाए। आसमान में 33 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान (FZ-1073) को क्रैश कराने की आत्मघाती साजिश रची गई। लेकिन भारतीय मुख्य पायलट स्मित मछार की अदम्य बहादुरी और इजरायली मुसाफिरों की जांबाजी ने 27 मासूम बच्चों समेत 174 यात्रियों को मौत के मुंह से खींच लिया।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान अचानक आसमान से पाताल की तरफ गिरने लगा। क्रैकिंग अलर्ट के बीच विमान महज 30 सेकेंड में 33,000 फीट से गिरकर 17,000 फीट पर आ गया। केबिन में चीख-पुकार मच चुकी थी। सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुबह 8:44 बजे डिस्ट्रेस कॉल
(आपातकालीन संदेश) रिसीव हुआ।यह कोई बाहरी हमला नहीं, बल्कि भीतर का ही ‘विभीषण’ था।
कॉकपिट में मौजूद ओमानी को-पायलट ने अचानक भारतीय मुख्य पायलट स्मित मछार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान पायलट को हटाकर उसने विमान के नेविगेशन सिस्टम को तहस-नहस करना शुरू कर दिया ताकि वह विमान को सीधे क्रैश कर सके।
जैसे ही विमान ने खतरनाक गोता (Dive) लगाना शुरू किया, इजरायली यात्रियों और क्रू मेंबर्स को अनहोनी का अहसास हो गया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए कॉकपिट का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर को-पायलट विमान को तबाह करने पर आमादा था। यात्रियों ने अपनी जान पर खेलकर उस सनकी हमलावर को दबोच लिया। इसी बीच एक और चालक दल का सदस्य कॉकपिट में आया और उसने विमान को संभाला।
विमान के हाईजैक होने की आशंका के चलते इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने तुरंत अपने फाइटर जेट्स हवा में रवाना कर दिए थे। हालांकि, बाद में विमान को सुरक्षित तरीके से सऊदी अरब के तबुक (प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट) में इमरजेंसी लैंड कराया गया।
पीएम बेंजामिन नेतन्याहू: “यह सुरक्षा की बेहद गंभीर घटना है। मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण साहस दिखाकर एक बड़ी त्रासदी को रोक लिया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और आरोपी को सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है।”
रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज: “शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस जिहादी आतंकवादी का मकसद सिर्फ एक था—सभी यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करना। लेकिन हमारे जांबाज यात्रियों ने इसे नाकाम कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के फर्श पर खून बिखरा हुआ दिख रहा है, जहां दो लोग घायलों का इलाज कर रहे हैं और दो अन्य कॉकपिट की सुरक्षा में तैनात हैं। फिलहाल सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियां आरोपी को-पायलट से पूछताछ कर रही हैं।





