Chhattisgarh

साइबर जागृति अभियान के तहत लाल बहादुर शास्त्री सभागार में आयोजित हुआ “साइबर संवाद” कार्यक्रम

बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को लाल बहादुर शास्त्री सभागार, बिलासपुर में “साइबर संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह द्वारा की गई।

“साइबर संवाद” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी देना था। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर अपराध से जुड़े प्रश्न पूछने तथा अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों एवं उनकी कार्यप्रणाली तथा मानसिकता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को अपने विश्वास में लेकर उनकी व्यक्तिगत कमजोरियों एवं परिस्थितियों का फायदा उठाते हैं और उन्हें आर्थिक ठगी का शिकार बनाते हैं।

इसी क्रम में उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह से साइबर ठगी से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर उन्होंने विस्तार से बताया कि जब कोई साइबर ठग किसी व्यक्ति को फोन करता है, तो वह बातचीत के दौरान व्यक्ति की किन कमजोरियों को पहचानकर उनका मनोवैज्ञानिक तरीके से फायदा उठाता है और किस प्रकार पीड़ित से स्वयं उसके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करवा लेता है। उन्होंने नागरिकों को ऐसे मामलों में जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेने तथा संदिग्ध कॉल, लिंक, ओटीपी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

“साइबर संवाद” कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें ऐसे नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने स्वयं साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई थी और जिनकी ठगी गई राशि बिलासपुर पुलिस के प्रयासों से रिकवर की गई। जिनके द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से ठगी हुए और पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों पर कार्रवाई कर वैधानिक कार्यवाही कर उनकी सहायता किये। जिनके द्वारा साझा की गई घटना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें साइबर ठगों द्वारा उन्हें लगभग 17 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव में रखा गया। पीड़ित ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार साइबर अपराधियों ने भय एवं दबाव का वातावरण बनाकर उन्हें अपने प्रभाव में रखा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह जी के निर्देश पर थाना प्रभारी सरकंडा द्वारा कार्यवाही करते हुए उनकी सहयता कर साइबर क्राइम से मुक्त किए ।

इसके अलावा अन्य साइबर अपराध पीड़ितों ने भी बारी-बारी से अपने साथ हुई साइबर ठगी की घटनाओं को साझा किया। उनकी आपबीती सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों की वास्तविक जानकारी मिली तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा नागरिकों को ऐसी परिस्थितियों में सतर्कता बरतने एवं तत्काल पुलिस को सूचना देने की आवश्यकता बताई गई।

*साइबर बुलीइंग एवं बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर भी हुई चर्चा*

कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर व्यापारी संघ के एक सदस्य ने बच्चों एवं बच्चियों के साथ होने वाली साइबर बुलीइंग से संबंधित प्रश्न वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों द्वारा प्रश्नों के उत्तर देते हुए बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में अभिभावकों द्वारा सजग रहने तथा बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। व्यापारी संघ के सदस्य ने भी इस संबंध में अपने सुझाव कार्यक्रम के अध्यक्षों के समक्ष रखे।

एक अन्य मीडियाकर्मी द्वारा साइबर अपराध की वर्तमान परिस्थितियों एवं उससे संबंधित अपने विचार वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखे गए, जिन पर अधिकारियों द्वारा चर्चा करते हुए अपनी सहमति एवं सुझाव साझा किए गए।

स्कूली छात्र-छात्राओं से साइबर जागरूक रहने की अपील

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहते हुए अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की स्थिति में समय पर शिकायत करना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे ठगी गई राशि को होल्ड/रिकवर कराने की संभावना बढ़ती है। उन्होंने सभी नागरिकों से साइबर जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की।

*सोशल मीडिया के माध्यम से भी आमजन तक पहुंचा “साइबर संवाद”*

“साइबर संवाद” कार्यक्रम को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर कार्यक्रम की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई, जिससे सभागार में उपस्थित लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी नागरिक कार्यक्रम से जुड़ सके।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित मीडियाकर्मियों द्वारा महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग एवं उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह से साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रश्नों का जवाब देते हुए साइबर अपराध की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई।

*इस प्रकार आमजन, पुलिस, मीडिया, बैंकिंग क्षेत्र, व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों की सहभागिता से आयोजित “साइबर संवाद” कार्यक्रम साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने, वास्तविक घटनाओं से सीख लेने तथा पुलिस एवं नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।*

कार्यक्रम में शहर के लगभग सभी प्रमुख न्यूज़/प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, एनजीओ, चेतना ग्रुप/मित्र, “आओ संवारें कल अपना” ग्रुप, स्पोर्ट्स पर्सन, सराफा व्यापारी एवं व्यापारी संघ के प्रतिनिधि तथा लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण शामिल हुए।साथ ही साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) श्री रामकुमार करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलकवार, रक्षित निरीक्षक श्री भूपेंद्र कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी कोतवाली देवेश सिंह, निरीक्षक गोपाल सतपति सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Sanjay Thakur Bureau Bilaspur

State Affairs Reporter Sanjay Thakur is a state affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues and local news is Bilaspur sambhag in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting & Local News of Bilaspur Sambhag of Chhattisgarh He follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact:sanjaysinghthakur72@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026