*पुटीडीह धान खरीदी में अनियमितता, फरार आरोपी गिरफ्तार..*
9426 बोरी धान की गड़बडी मामले बड़ी सफलता

जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के पुटीडीह धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी में अनियमितता और शासकीय राशि को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन के दौरान 9426 बोरी धान की कमी मिली, जिसकी अनुमानित राशि 89 लाख 32 हजार 77 रुपये से अधिक बताई गई है।
डभरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रकरण में पूर्व में शशिकांत महंत और श्याम बाई बरेठ की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे द्रोण प्रताप सिंह सांडिल्य, उम्र 48 वर्ष, निवासी कापन को पुलिस ने 26 सितंबर को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान धान खरीदी के ऑनलाइन पोर्टल, पंजी, तौल पत्रक, बारदाना पंजी और स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। कई तौल पत्रकों में किसानों के हस्ताक्षर नहीं होने और रिकॉर्ड तथा मौके पर उपलब्ध धान की मात्रा में अंतर पाया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।





