छत्तीसगढ

*सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली : सीएम हेल्पलाइन 1076 के संचालन के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न*

*आम नागरिकों की समस्याओं का होगा समयबद्ध, पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान*

*24*7 संचालित होगा सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली, टोल फ्री नंबर 1076 पर निःशुल्क किया जा सकता है कॉल*

सक्ती, :: शासकीय सेवाओ और योजनाओं से संबंधित आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली की व्यवस्था विकसित की जा रही है। जिससे आम जनता की आवाज सीधे शासन तक पहुंचेगी। सुशासन एवं अभिसरण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार गुड गवर्नेंस की दिशा में सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य स्तर से नामित प्रशिक्षण दल प्रमुख श्री आर.के. शर्मा के द्वारा सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन मुख्य रूप से शिकायत निवारण की एक प्रभावी प्रणाली है, जिसके माध्यम से आमजन किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत 24*7 दर्ज करा सकेंगे। इसके संचालन हेतु चौबीसों घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी है। उन्होंने बताया की आमजन टोल फ्री नंबर 1076 पर किसी भी समय निःशुल्क कॉल कर अथवा अन्य आनलाईन माध्यमो से भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे । कलेक्टर कार्यलय सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित हुए, साथ ही विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के मध्यम से वर्चुअली शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान सुशासन एवं अभिसरण विभाग के आईटी मैनेजर श्री सौरभ श्रीकांत ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन प्रणाली पाँच प्रमुख जिसमें शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निवारण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा कुशल निगरानी पर आधारित है। उन्होंने बताया की प्रत्येक शिकायत पश्चात 12 अंकों का विशिष्ट टोकन क्रमांक प्रदान किया जाएगा। जिसके माध्यम से शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। प्रशिक्षण में अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण हेतु निर्धारित श्रेणी एल-1, एल-2, एल-3 एवं एल-4 स्तरों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक द्वारा बताया गया कि प्रत्येक श्रेणी के लिए विभागवार एल-1 से एल-4 तक अधिकारियों की मैपिंग की गई है, जिससे शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि शिकायत पंजीकृत होने के पश्चात संबंधित विभाग के लेवल-1 अधिकारी को प्रेषित की जाएगी तथा प्रत्येक स्तर पर शिकायत निवारण हेतु समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा में शिकायत का निराकरण नहीं होने पर शिकायत स्वतः अगले उच्च स्तर पर एस्केलेट हो जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण हेतु एक ऑनलाइन माध्यम है। नागरिकों की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने के विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए जायेंगे, जिनमें 1076 हेल्पलाइन नंबर, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप एवं वाट्सएप जैसी सुविधाएं शामिल है।
प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से अधिकारियों को लॉगिन प्रक्रिया, प्रोफाइल अपडेट, डैशबोर्ड संचालन, लंबित शिकायतों की समीक्षा, समाधान विकल्प चयन एवं प्रतिवेदन अपलोड करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान में देश के 14 राज्यों में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली हेल्पलाइन संचालित है तथा छत्तीसगढ़ 15 वां राज्य होगा, जहां सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की जाएगी। प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री वाशु जैन की उपस्थिति में जिला और विकास खंड स्तर के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम मे शामिल हुवे।

INN24 ADMIN

The Admin account represents the management and publishing authority of INN24 News. The platform is operated and supervised from Bilaspur, Chhattisgarh, India, ensuring compliance with editorial standards, transparency policies, and responsible digital publishing practices. INN24 News is managed under the ownership of Orbit Media Group, with the Admin responsible for overseeing content publication, editorial coordination, and platform integrity. This account is used strictly for administrative and publishing purposes and does not represent individual opinion or authorship unless explicitly mentioned.