Chhattisgarhछत्तीसगढ

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पूरे प्रदेश में भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह : 11 से 18 नवम्बर तक होंगे कार्यक्रम – सत्यानन्द राठिया, पूर्व विधायक लैलूंगा

जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

* सक्ती भारतीय जनता पार्टी 15 नवम्बर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में भाजपा 11 से 18 नवम्बर तक देश के हर जनजातीय बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मना रही है।

इसी क्रम में जिला भाजपा सक्ती द्वारा 12 नवम्बर को जिला मुख्यालय सक्ती में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता मे पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं पूर्व विधायक लैलूंगा सत्यानन्द राठिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

भगवान बिरसा मुंडा – संघर्ष और बलिदान के प्रतीक

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवम्बर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में हुआ। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ‘उलगुलान’ (महाक्रांति) का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ – हमारा देश, हमारा राज का नारा दिया। मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को उन्होंने बलिदान दिया। उनके संघर्ष से ही 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम बना, जिससे जनजातीय जमीन की रक्षा हुई।

श्री राठिया ने कहा कि आजादी की लड़ाई में तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, शहीद वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे हजारों जनजातीय वीरों ने सर्वस्व न्योछावर किया। दुर्भाग्य से दशकों तक इन नायकों को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।

मोदी सरकार में जनजातीय समाज को मिला सम्मान

पूर्व विधायक ने कहा कि मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवम्बर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया। 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। छत्तीसगढ़ में श्री विष्णु देव साय जी, ओडिशा में श्री मोहन चरण माझी जी भाजपा के जनजातीय मुख्यमंत्री हैं।

जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के ₹4,497 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में ₹14,926 करोड़ हुआ है, यानी 231% की वृद्धि।

पीएम जनमन योजना (₹24,104 करोड़) से 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 12.37 लाख परिवारों तक विकास पहुंच रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (₹79,156 करोड़) से 63,000 गांवों के 5 करोड़ से अधिक लोगों तक 17 मंत्रालयों की योजनाएं एक साथ पहुंच रही हैं।

728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, आयुष्मान भारत से 5 लाख तक का निःशुल्क उपचार, 3,958 वन धन विकास केन्द्रों से 11.83 लाख लोगों को आजीविका, वन अधिकार पट्टे और पेसा नियमों से ग्राम सभाओं को अधिकार – ये सब भाजपा की जनजातीय हितैषी नीतियों का प्रमाण है।

सक्ती जिले में कार्यक्रम

जिला भाजपा सक्ती द्वारा जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत :

– 14 नवम्बर : स्मारकों व मूर्तियों की सफाई और दीपोत्सव
– 15 नवम्बर : जिला स्तर पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि और हर मंडल में चित्र पर पुष्पांजलि
– 16, 17, 18 नवम्बर : विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद
– जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान : कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे

पूरे सप्ताह स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, पद्म सम्मानित व्यक्तित्वों व समाजसेवियों का अभिनंदन और सोशल मीडिया अभियान चलेगा।

विपक्ष के भ्रम से सावधान रहें

श्री राठिया ने कहा कि विपक्ष ने जनजातीय समाज को दशकों तक केवल वोट बैंक समझा। 55 वर्ष शासन करके भी कांग्रेस ने न गौरव दिवस घोषित किया, न अलग मंत्रालय बनाया। 2024 में ‘संविधान बदलेंगे, आरक्षण खत्म होगा’ का झूठ फैलाया, जबकि ST आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है। जनता इन भ्रमों से सावधान रहे।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प में जनजातीय समाज केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि बराबर का भागीदार है। छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस का बड़ा आयोजन होना है,प्रेस वार्ता मे अनुसुचित जनजाति मोर्चा जिला प्रभारी भोजराम साहू,अनुसुचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष राजा धर्मेंद्र सिंह,जिला मंत्री अरुण शर्मा,मोर्चा महामंत्री विजेंद्र सिदार, जिला मीडिया प्रभारी, धनंजय नामदेव,नगर मंडल सहप्रभारी ओम प्रकाश देवांगन, सहित भाजपा जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026