ब्रेकिंग लहसुन पटाखा बना काल: मुंह में फटने से 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत
खबर देश प्रदेश की...जिसे जानना है जरूरी..

लहसुन पटाखा बना काल: मुंह में फटने से 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत..

छत्तीसगढ़ सरगुजा / अंबिकापुर। दिवाली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक मामूली समझे जाने वाले ‘लहसुन पटाखे’ (पॉप-पॉप) ने 2 साल के मासूम की जान ले ली। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवापारा में बच्चे ने खेल-खेल में पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। मुंह के भीतर हुए तेज धमाके से अंदरूनी नस फट गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
आंगन में खेलते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी इन्द्रजीत मांझी दिवाली पर्व के लिए घर पर पटाखे लेकर आए थे। 9 नवंबर की सुबह घर के आंगन में अन्य बच्चे पॉप-पॉप (लहसुन पटाखा) फोड़ रहे थे। इसी दौरान वहां खेल रहा 2 वर्षीय आदित्य पैकेट से एक पटाखा निकालकर खाने की चीज समझ मुंह में रख बैठा। जैसे ही उसने पटाखे को दांतों से दबाया, वह मुंह के अंदर ही फट गया।
अंदरूनी नस फटने से नहीं रुका खून
धमाका इतना असरदार था कि बच्चे के ऊपरी होंठ और मसूड़े को जोड़ने वाली अंदरूनी नस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेजी से खून बहने लगा। परिजन घबराकर मासूम को तत्काल सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद भी जब रक्तस्राव नहीं रुका और हालत बिगड़ने लगी, तो 11 नवंबर को उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका।
अभिभावकों के लिए बड़ी चेतावनी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अभिभावकों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर कम आवाज वाले पटाखों को सुरक्षित मानकर बच्चों के आसपास छोड़ दिया जाता है, जो कई बार जानलेवा साबित हो सकता है।





