*आयुर्वेद दिवस समारोह पर सक्ती में निःशुल्क चिकित्सा एवं औषधि वितरण शिविर का हुआ आयोजन*
*आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत — सांसद कमलेश जांगड़े*


जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्तीः- जिला आयुष विभाग सक्ती द्वारा “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के ध्येय के साथ आयुर्वेद दिवस समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े, नगर पालिका सक्ती अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग के लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष तथा उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल सहित अभ्यागतों द्वारा भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन करने के साथ हुआ । इस अवसर पर मरीजों में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया। समारोह के दौरान अतिथियों का बैच, शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया गया। स्वागत भाषण देते हुए डॉ. अनिल त्रिपाठी ने आयुर्वेद दिवस आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार जन-जन तक पहुंचना चाहिए, ताकि भारतीय चिकित्सा पद्धति का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। सक्ती नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि नगरवासियों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का बेहतर लाभ दिलाने के लिए सक्ती नगर में आयुर्वेद चिकित्सालय की स्थापना आवश्यक है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि कोविड काल के दौरान संपूर्ण विश्व ने भारतीय आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व को स्वीकार किया और इसे अपने जीवन में अपनाया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के साथ छत्तीसगढ़ सरकार भी आयुर्वेद को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम कावेरी मरकाम ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति ही नहीं, बल्कि हमारी पुरातन परंपरा और संतुलित जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताया । इस दौरान कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बालेश्वर राम एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपुत सहित अधिकारी कर्मचारी की गरिमामय उपस्थिति रही। जिला आयुष अधिकारी डॉ. जवाहर लाल बंजारे ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि जिले में आयुर्वेद को और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
समारोह का सफल संचालन डॉ. अनिल पटेल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. उत्तम गबेल, डॉ. छत्रपति पटेल, डॉ. बेनजीर अहमद, डॉ. युगादिश्री जायसवाल, डॉ. सुशील जांगड़े, डॉ. हेमंत भार्गव, डॉ. मोहन पटेल, डॉ. स्वरूप नंद लकड़ा, डॉ. भानु धीरहे, डॉ. मधुमिता गुप्ता, डॉ. अंजलि पटेल, डॉ. गुलेश्वरी पंकज, डॉ. कमलकांत साहू, डॉ. विष्णु पटेल, डॉ. पुष्पेंद्र सिदार, डॉ. कल्पना देवांगन, डॉ. मोनिका गबेल, डॉ. आकांक्षा कोरी एवं डॉ. कन्हैया लाल सिदार सहित आयुर्वेद चिकित्सकों की सक्रिय सहभागिता रही।





