राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का WhatsApp हैक! कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजकर मांगे जा रहे 50-60 हजार रुपए

रायपुर : छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हैकर ने सांसद के WhatsApp नंबर का इस्तेमाल कर उनके संपर्क में मौजूद कई लोगों को मैसेज भेजे और 56 हजार से 60 हजार रुपए तक की रकम मांगने की कोशिश की।
सांसद के नंबर से भेजे गए मैसेज में लोगों से UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। कुछ संपर्कों को 56 हजार रुपए के UPI भुगतान से जुड़े फर्जी मैसेज भी भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। सांसद के परिचितों तक जब इस तरह के संदेश पहुंचे, तब मामले की जानकारी हुई।
23 सितंबर : एक तारीख, कई भावनाएं और जमींदार परिवार के लिए अनोखा संयोग
सांसद के नाम से ठगी की कोशिश
आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने सांसद की पहचान का फायदा उठाकर उनके परिचितों और संपर्कों को भरोसे में लेने की कोशिश की। अलग-अलग लोगों को 56 हजार और 60 हजार रुपए की मांग वाले संदेश भेजे गए।
मामला सामने आने के बाद सांसद से जुड़े लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से कहा गया है कि सांसद के नंबर से पैसे से संबंधित कोई भी मैसेज मिलने पर तत्काल रकम ट्रांसफर न करें। किसी भी भुगतान से पहले सीधे फोन कर इसकी पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
साइबर जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि WhatsApp अकाउंट किस तरीके से हैक किया गया और कुल कितने लोगों को ऐसे मैसेज भेजे गए। मामले में साइबर पुलिस की जांच और तकनीकी पड़ताल के बाद ही हैकिंग के तरीके और ठगी के प्रयास से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
फूलो देवी नेताम की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि उनके नंबर से पैसे मांगने वाला कोई संदेश मिलने पर उस पर भरोसा न करें और रकम भेजने से पहले सीधे संपर्क कर इसकी पुष्टि जरूर करें।





