*ग्राम देवरमाल में सतनामी समाज ने सर्वसम्मति से तय किए सामाजिक नियम*

जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवरमाल में 14 सितम्बर ,2026 को सतनामी समाजके प्रबुद्धजनों का महत्वपूर्ण बैठक ग्राम स्तर पर आयोजित किया गया। इस बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में सतनामी समाज ने
ग्राम में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय सर्व सम्मति से लिया और शराब का सेवन करके सामाजिक कार्यक्रम या बैठक में शामिल होने पर भी प्रतिबंध लगाया। इसके अलावा समाज में किसी के मृत्यु होने पर केवल घर वाले ही कफ़न कपड़ा लेकर आयेंगे अन्य सभी उस परिवार को आर्थिक नक़द सहायता राशि प्रदान करेंगे ।
इसी प्रकार मृत्यु भोज पर ग्राम में चली आ रही पुरानी परंपरा जिसमे सभी व्यक्ति या केवल महिला और पुरुष की संख्या के बराबर भोजन खिलाने का चलन था , इसे ख़त्म करते हुए केवल एक घर (हाड़ी) से एक व्यक्ति को भोजन देंगे । विवाह के समय फलदान के कार्यक्रम में अब केवल 11-21 व्यक्ति ही शामिल होंगे इनसे ज़्यादा नहीं ।
इसी प्रकार बाराती ग्राम से 101 व्यक्ति ही अधिकतम शामिल हो सकेंगे , और बारात भी उसी संख्या में बुलायेंगे । ढेड़हीन पैसा केवल 1100 रुपए लेंगे और देंगे । दूल्हा का जूता छिपाने के परम्परा को वर्जित किया जाता है और ग्राम में 30 व्यक्ति की प्रमुख कार्यकारणी कमिटी बनाई गई , जिनका प्रमुख कार्य ग्राम के आचार संहिता का पालन करवाना होगा। ग्राम में बाबा साहब अम्बेडकर जयंती , बाबा गुरु घासीदास जयंती , कांशीराम राम जी का पुण्य तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा । ग्राम देवरमाल में यह समाज सुधार का कार्य सतनामी समाज के संरक्षक तथा बहुजन मिशन के कर्मठ सिपाही भवसागर बंजारे , कोषाध्यक्ष दयानंद खूंटे, युवा मोर्चा से धनेश्वर खूंटे सहित सतनामी समाज के सभी प्रबुद्ध जनों की मौजूदगी सर्वसम्मति से तय किए गए।






