कोरबा में चोरों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े रिटायर्ड CSEB कर्मी के घर चोरी का प्रयास

कोरबा : शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले अब आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आरपी नगर जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े एक रिटायर्ड CSEB कर्मी के घर चोरी का प्रयास किए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी श्री त्रिबुवन गुप्ता जी कल दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच अपने घर पर नहीं थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपी ने छेनी और हथौड़े की मदद से दरवाजा तोड़ा और घर के कमरों में तलाशी लेने लगा।
CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट
बताया जा रहा है कि घर में कोई विशेष कीमती सामान नहीं मिलने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना ने आरपी नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिनदहाड़े, रिहायशी और पॉश इलाके में कोई व्यक्ति घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस जाता है, तो पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था आखिर कहां थी?
स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी की है। जिस तरीके से आरोपी ने दिनदहाड़े घर के मुख्य दरवाजे को छेनी-हथौड़े से तोड़ा और अंदर जाकर कमरों की तलाशी ली, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी ने पहले घर की रेकी की होगी।
वहीं, इस घटना ने आरपी नगर जैसे रिहायशी क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोपहर के समय जब अधिकांश लोग अपने काम से बाहर रहते हैं, उस वक्त संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त बेहद जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति दिनदहाड़े घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर रहा है, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि उस समय क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग कितनी प्रभावी थी।























































