छत्तीसगढ

*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं बल्कि विकसित भारत निर्माण की मजबूत नींव भी है – रजनीश सिंह*

*मोदी सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा पर भाजपा जिला कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता*

 

जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

 

सक्ती भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती कार्यालय में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों की विकास, विश्वास एवं जनकल्याण की यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अध्यक्ष एवं बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, ऐतिहासिक फैसलों एवं जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए युग की शुरुआत की थी। आज लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल संचालन किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है, वहीं प्रधानमंत्री जनधन योजना ने करोड़ों गरीब परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे लाखों परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
प्रेस वार्ता के दौरान श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा उज्ज्वला योजना के तहत माताओं-बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया गया है। जल जीवन मिशन के माध्यम से गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य हुआ है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने डिजिटल इंडिया अभियान और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के मिले।
देश की सुरक्षा को लेकर श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हुई हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक निर्णयों ने दुनिया को भारत की नई शक्ति का परिचय कराया है। देश में आतंकवाद एवं नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में भी केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार हुआ है, रेलवे का आधुनिकीकरण किया गया है तथा वंदे भारत ट्रेनों के संचालन ने परिवहन व्यवस्था को नई पहचान दी है। मेट्रो सेवाओं का विस्तार, नए एयरपोर्ट का निर्माण, ग्रामीण सड़कों का जाल और डिजिटल कनेक्टिविटी ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि आज विश्व भारत को एक मजबूत, विश्वसनीय और नेतृत्वकर्ता राष्ट्र के रूप में देख रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है और देश नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल, सक्ती जिला संगठन प्रभारी मनोज शर्मा ,श्रीमती संयोगिता सिंह जूदेव,जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा,जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव,सहप्रभारी नारायण राठौर , परसन राठौर,जिला मंत्री अरुण शर्मा सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार गण उपस्थित रहे।

Mahendra Karsh Bureau

Political Correspondent Mahendra Karsh is a correspondent at INN24 News, reporting on elections, legislative developments, and political,local crime, trends at the state and national levels. He is committed to balanced reporting and verified information. Areas of Expertise • Electoral politics • Government policies • Political analysis • Local News and crime Editorial Responsibility He ensures accuracy, fairness, and transparency in all political coverage and follows ethical journalism practices. 📧 Contact: mkkarsh947@gmail.com Profile Last Updated: 16 January 2026