SECL सुराकछार रेल्वे साईडिंग की भारी धूल डस्ट से आम जन जीवन अस्त व्यस्त, पार्षद के नेतृत्व में कल विशाल चक्काजाम
सतपाल सिंह

SECL सुराकछार रेल्वे साईडिंग की भारी धूल डस्ट से आम जन जीवन अस्त व्यस्त, पार्षद के नेतृत्व में कल विशाल चक्काजाम…
एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भूमिगत कोयला खदान सुराकछार में बने रेल्वे साइडिंग से उड़ने वाले काले कोयले के डस्ट और धूल के गुबार से आसपास रहने वाले लोग बेहद परेशान हैं। जरा सी हवा चली और यहाँ से उड़ने वाली धूल साइडिंग के चारों ओर बसे ग्राम पंखा दफाई, भेरोताल, सुरा कछार, भक्तु दफ़ाई यहां तक कि प्रेम नगर पहुंच रही है। महीन कोल डस्ट हवा में घुल कर लोगों के स्वास्थ्य को खराब कर रही है। लोग दमा, खांसी, श्वास एवं आंखों की बीमारियों से ग्रसित हो रहे है। ऐसे में इस विकराल समस्या को देखते हुए नगर निगम वार्ड 65 प्रेम नगर पार्षद प्रेम कुमार साहू ने रेल्वे साइडिंग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कोरबा कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपते हुए इस रेल्वे साइडिंग को बंद करवाने की मांग की है। पार्षद का कहना है कि रेल्वे साईडिंग व रोड में पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है. जिससे साइडिंग में भारी वाहनों द्वारा कोयला गिराने और अन्य वाहनों में कोयला लोड करने के दौरान बड़े भारी पैमाने पर डस्ट उड़ रहा है। यह धूल का गुब्बार हवा में फैल रहा है जो कि उचित नहीं है। एस.ई.सी.एल. सुराकछार प्रबंधन यहां पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा,इसके अलावा यहां ग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाओ से भी वंचित रखा जा रहा है। इससे पूर्व में भी इस संबंध में कई बार पत्र प्रेषित किया जा चुका है, किन्तु कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इस विकराल समस्या से सभी व्यथित होकर दिनांक 15 जून 2026 को पंखा दफाई रेल्वे फाटक के पास सभी ग्रामवासियों के द्वारा अनिश्चित कालीन चक्काजाम किया जाएगा।
पार्षद प्रेम कुमार साहू





