Bill Gates on Epstein Files: रूसी महिलाओं के साथ संबंध और एपस्टीन के प्राइवेट जेट की सवारी… जानें बिल गेट्स ने क्या-क्या कबूला

Bill Gates on Epstein Files: अमेरिकी टेक आंत्रप्रेन्योर और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर गेट्स फाउंडेशन के कर्मचारियों से माफी मांगी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया. हालांकि माना कि उन्होंने एपस्टीन के निजी जेट में यात्रा की और कई देशों में समय बिताया. लेकिन वह कभी एपस्टीन के आइलैंड पर नहीं गए.
IND vs ZIM Live Streaming: जानें फ्री में भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच देखने का आसान तरीका
एपस्टीन फाइल्स में बिल गेट्स का नाम
बिल गेट्स उन हस्तियों, राजनेताओं और टेक उद्यमियों में शामिल थे, जिनके यौन अपराधी एपस्टीन से संबंधों का खुलासा हुआ था. पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग की तरफ से ऑनलाइन जारी हजारों दस्तावेजों में ये नाम सामने आए थे, जिनमें से कुछ नामों को अब हटा दिया गया है. इन दस्तावेजों में ईमेल, इंटरव्यू, तस्वीरें, कॉल लॉग आदि शामिल हैं. बिल गेट्स ने मंगलवार को अधिकारियों की एक बैठक में कबूल लिया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे, जिनका पता बाद में एपस्टीन को चला लेकिन उनका एपस्टीन की पीड़ितों से कोई लेना-देना नहीं था. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मीटिंग की एक रिकॉर्डिंग के आधार पर ये बड़ा दावा किया है. इस मीटिंग में बिल गेट्स ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गैरकानूनी काम नहीं किया. मैंने कुछ भी अवैध नहीं देखा.

एपस्टीन की महिलाओं से संबंधों पर दी सफाई
बिल गेट्स ने कहा कि हाल में जारी एपस्टीन फाइल्स में जिन तस्वीरों में उन्हें उन महिलाओं के साथ दिखाया गया है, ये तस्वीरें उन दोनों की मुलाकात के बाद एपस्टीन के कहने पर सहयोगियों के साथ खिचवाई गयी थीं. गेट्स ने कहा कि साफ तौर पर कहूं तो मैंने कभी पीड़ितों यानी एपस्टीन के आसपास रहने वाली महिलाओं के साथ समय नहीं बिताया.
एपस्टीन को दोषी ठहराए जाने के बाद हुई मुलाकात
गेट्स ने बताया कि यौन अपराधी एपस्टीन द्वारा 2008 में एक नाबालिग को वेश्यावृत्ति के लिए उकसाने के आरोप में दोषी ठहराए जाने के तीन साल बाद 2011 में एपस्टीन से उनकी मुलाकात हुई थी. उनकी गलती ये रही कि उन्होंने एपस्टीन के बैकग्राउंड की ठीक से जांच नहीं की. उन्हें 18 महीने की किसी घटना के बारे में पता था जिसके कारण एपस्टीन का आना-जाना सीमित हो गया था.
पूर्व पत्नी ने किया था आगाह, फिर भी नहीं माने
उन्होंने ये भी बताया कि उनकी तत्कालीन पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने 2013 में इस पर चिंता जताई थी, फिर भी उन्होंने एपस्टीन से मिलना जारी रखा. अपनी पूर्व पत्नी का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा कि उनकी तारीफ करनी होगी, वह एपस्टीन मामले को लेकर हमेशा थोड़ी संशय में रहती थीं.
एपस्टीन से रिश्तों को लेकर मांगी माफी
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक ने कहा कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और गेट्स फाउंडेशन के अधिकारियों को उस यौन अपराधी के साथ बैठकों में शामिल करना एक बहुत बड़ी गलती थी. मेरी गलती की वजह से जो लोग इसमें फंस गए हैं, मैं उनसे माफी मांगता हूं. बिल गेट्स ने माना है कि एपस्टीन के साथ उनके संबंधों और न्याय विभाग की फाइलों से सामने आए ईमेल्स ने गेट्स फाउंडेशन और उसकी प्रतिष्ठा को संदेह के दायरे में ला दिया है. उन्होंने कहा कि यह सब फाउंडेशन के मूल्यों और लक्ष्यों के बिल्कुल विपरीत है. हमारा काम प्रतिष्ठा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है. लोग चाहें तो हमारे साथ काम कर सकते हैं या नहीं भी कर सकते हैं.





