वीरांगना दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा शासकीय हाई स्कूल परसदा खुर्द में हुआ विविध आयोजन
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

हाई स्कूल परसदा खुर्द में वीरांगना दिवस पर पोक्सो एक्ट, बालअधिकार तथा बाल संरक्षण जैसे विविध योजनाओं की दी गई जानकारी
सक्ती वीरांगना दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र, जिला सक्ती के सहयोग से शासकीय हाई स्कूल परसदा खुर्द में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुधाकर बोदले, जिला मिशन समन्वयक शुचि शुक्ला, जेंडर विशेषज्ञ सतीश कुमार गोंड, जेंडर विशेषज्ञ सुशीला जोशी तथा वित्तीय साक्षरता समन्वयक शशि गभेल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय स्तर पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें काजल साहू ने प्रथम, तानिया चौहान ने द्वितीय तथा प्रतिभा राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। काजल साहू ने वीरांगनाओं के शौर्य पर कविता पाठ किया, वहीं दुर्गेश्वरी ने वीरांगना की वेशभूषा में शौर्य प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों से जुड़ी योजनाओं और कानूनों की जानकारी दी तथा विभिन्न करियर क्षेत्रों के बारे में मार्गदर्शन किया। पोक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में सभी बच्चों को पोषण आहार के रूप में अंकुरित मूंग-चना, पौष्टिक स्वल्पाहार तथा तिल-गुड़ के लड्डू वितरित किए गए।
कार्यक्रम में संस्था की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती कमला दपी गवेल, विज्ञान व्याख्याता विनीता राठौर एवं मंजू चौहान उपस्थित रहीं। संस्था के कुल 92 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।





