*नवागांव में ग्रामीणों ने की करमसेनी दाई की पूजा- अर्चना*
*अच्छी फसल की उम्मीद और समाज में भाईचारे की कामना की*

जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर
सक्ती विकासखंड अंतर्गत सुदूर पहाड़ी अंचल के गांव नवागांव में 25 अक्टूबर की रात जनजातीय समाज के लोगों ने करमा महोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर नवागांव के ग्रामीणों ने परंपरागत रूप से करम पेड़ और प्रकृति की पूजा की। इस दौरान आदिवासी समाज के लोगोंने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य किया। इस दौरान कार्यक्रम में प्रकृति पूजा और आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत टेमर के ग्राम पटेल रेवती नंदन पटेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सतनामी समाज शक्ति ब्लॉक इकाई के उपाध्यक्ष उदय मधुकर तथा पत्रकार योम प्रकाश लहरे भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रेवती नंदन पटेल ने अपने उद्बोधन में नवागांव वासियों को करमा महोत्सव के सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी और सभी के सुखी समृद्ध व खुशहाल जीवन के लिए करम सेनी दाई से मंगल कामना किया। विशिष्ट अतिथि उदय मधुकर व योम प्रकाश लहरे ने इस मौके पर ग्रामवासियों से कहा कि आप सभी अपने बच्चों को जरूर पढ़ाएं- दिखाएं क्योंकि हम सब पढ़ लिखकर ही अपने भविष्य को सजा व संवार कर तथा बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। पूर्व सरपंच युगेश पटेल ने भी इस मौके पर ग्रामवासियों को इस पारंपरिक आयोजन के लिए ग्रामीणों को बधाई दी। इस दौरान गांव के मध्य में पूजा स्थल पर करम पेड़ की डोलियों को गाड़कर पूजा अर्चना की गई। इस लोक पर्व में धरती की हरियाली, अच्छी फसल की उम्मीद और समाज में भाईचारे के लिए कामना की गई। इस दौरान पूरी रात मांदर की थाप पर करमा लोकगीत और सामूहिक नृत्य का सुंदर आयोजन चलता रहा। इस पारंपरिक करमा महोत्सव में जय करमदेव महिला समिति नवागांव -दमाऊधारा के नर्तकों ने अपने पारंपरिक कर्मा नृत्य से लोगों का मन मोह लिया।





